NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 15 मार्च 2026। शहर में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को लोहिया चौक-पंडासराय पथ, पंडासराय आरओबी, दिल्ली मोड़ आरओबी तथा बेला मोड़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यों में तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लोहिया चौक से पंडासराय तक सड़क का चौड़ीकरण और सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), समस्तीपुर द्वारा कराया जाएगा। इसके साथ ही इस मार्ग पर एक एलिवेटेड सड़क का निर्माण भी प्रस्तावित है, जो पंडासराय को आरओबी से जोड़ेगी।
जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, एनएच, समस्तीपुर को निर्देश दिया कि नाला निर्माण का कार्य अविलंब और गुणवत्तापूर्ण तरीके से शुरू कराया जाए। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, सदर को मार्ग में मौजूद अतिक्रमण को चिन्हित कर जल्द हटाने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि अतिक्रमणकारियों को विधिवत नोटिस देने के साथ माइकिंग के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि लोग स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें।
डीएम ने अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मार्ग की शीघ्र नापी कराते हुए प्रभावित मकानों की मार्किंग कराई जाए। पंडासराय आरओबी के एलाइनमेंट में जहां-जहां भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता है, उसे भी जल्द चिन्हित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान अमीन ने बताया कि एलाइनमेंट में कुछ स्थानों पर पक्के मकान भी आ रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने भवन संरचना प्रमंडल, दरभंगा के कार्यपालक अभियंता को ऐसे मकानों का शीघ्र मूल्यांकन कर रिपोर्ट भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
दिल्ली मोड़ आरओबी का भी किया निरीक्षण
दिल्ली मोड़ आरओबी के निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर ने बताया कि सड़क किनारे सरकारी जमीन की नापी और मार्किंग कर ली गई है तथा संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने अतिक्रमण को शीघ्र हटाने का निर्देश दिया।
पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता ने बताया कि सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण किया जाना है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने के बाद सरकारी भूमि की अंतिम सीमा से नाला निर्माण का कार्य शुरू किया जाए। साथ ही अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया।
बेला मोड़ आरओबी निर्माण में तेजी के निर्देश
बेला मोड़ आरओबी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वरीय परियोजना अभियंता को यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए शीघ्र कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पुल निर्माण निगम को सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण का कार्य भी जल्द प्रारंभ करने को कहा और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के लिए सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता, एनएचएआई के प्रतिनिधि, आरओ बहादुरपुर तथा अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।