NEWS PR डेस्क: शुक्रवार देर शाम दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब 5.9 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में बताया जा रहा है, लेकिन इसके झटके भारत और पाकिस्तान तक महसूस किए गए।
दिल्ली-एनसीआर के अलावा नोएडा, चंडीगढ़, लुधियाना और जम्मू-कश्मीर के पुंछ, कुपवाड़ा, श्रीनगर व उधमपुर में लोगों ने झटके महसूस किए। कई जगहों पर लोगों ने बताया कि कुछ सेकंड तक घरों का सामान हिलता नजर आया, जिससे घबराकर लोग घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप का असर भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी देखा गया। राजधानी इस्लामाबाद, पेशावर और खैबर पख्तूनख्वा समेत कई इलाकों में धरती कांपने की खबरें सामने आई हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, पृथ्वी की सतह कई टेक्टोनिक प्लेट्स से बनी है, जो लगातार गतिशील रहती हैं। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं या इनमें दबाव बढ़ता है, तो ऊर्जा के अचानक रिलीज होने से भूकंप आता है। यही कारण है कि इस तरह के झटके समय-समय पर महसूस किए जाते हैं।