NEWS PR डेस्क: पटना, 15 जुलाई। बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उसके कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। राजधानी पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया।
भाजपा की सदस्यता लेने वालों में दीघा विधानसभा सीट से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी रहे बिट्टू सिंह प्रमुख रहे। उनके साथ उनकी पत्नी विनीता बिट्टू सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विनीता इससे पहले पटना मेयर का चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
इसके अलावा कुम्हरार विधानसभा सीट से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी और शिक्षाविद केसी सिन्हा ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। वहीं मनेर विधानसभा से जनसुराज के पूर्व प्रत्याशी रहे गोपाल सिंह भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।

इस मौके पर दीघा विधायक संजीव चौरसिया सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पार्टी में शामिल हुए नेताओं के साथ जनसुराज के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हुए।
बांकीपुर और कुम्हरार के जनसुराज कार्यकर्ताओं की एक बड़ी फौज भी भारतीय जनता पार्टी का हिस्सा बन गई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन जमीनी कार्यकर्ताओं के आने से चुनाव में बीजेपी को बूथ स्तर पर अतिरिक्त मजबूती मिलेगी, जबकि प्रशांत किशोर की पार्टी को इन क्षेत्रों में नए सिरे से अपनी रणनीति तैयार करनी होगी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब राज्य की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। ऐसे में इस दल-बदल को आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
