भागलपुर में पहली बार International Chess Tournament 2026, BAU सबौर में जुटेंगे 700 से अधिक खिलाड़ी

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क,:भागलपुर अब अंतरराष्ट्रीय शतरंज के मानचित्र पर अपनी पहचान दर्ज कराने जा रहा है।भागलपुर जिला शतरंज संघ (BDCA) द्वारा आयोजित “1st Rival of Anga International Rapid Rating Chess Tournament-2026” को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में संघ की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में प्रतियोगिता के उद्देश्य, आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई।


आगामी 08 एवं 09 अगस्त 2026 को बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU), सबौर, भागलपुर में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता भागलपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के शतरंज इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होने जा रही है। यह पहली बार होगा जब भागलपुर में इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटेड रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
संघ के अनुसार प्रतियोगिता में देश-विदेश के लगभग 700 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। इस प्रतिष्ठित आयोजन में ग्रैंडमास्टर (GM), इंटरनेशनल मास्टर (IM), फिडे मास्टर (FM), कैंडिडेट मास्टर (CM), महिला इंटरनेशनल मास्टर (WIM) और महिला फिडे मास्टर (WFM) सहित कई अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के टाइटल प्राप्त खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का मिलेगा अवसर
इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि भागलपुर और आसपास के युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय शतरंज खिलाड़ियों के खेल को नजदीक से देखने और उनसे सीखने का दुर्लभ अवसर मिलेगा। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मंत्री एवं विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी की संभावना
प्रेस वार्ता में बताया गया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन बिहार सरकार के माननीय खेल मंत्री के कर-कमलों से कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही बिहार सरकार के कृषि मंत्री, ऊर्जा मंत्री, पथ निर्माण मंत्री सहित कई वरिष्ठ मंत्रीगण एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति की संभावना जताई गई है। भागलपुर एवं आसपास के सभी सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों को भी इस ऐतिहासिक आयोजन में आमंत्रित किया जा रहा है।
सहयोग के लिए संघ ने जताया आभार
भागलपुर जिला शतरंज संघ ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दे रहे सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, उद्योग जगत, प्रायोजकों और शतरंज प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ ने विशेष रूप से भागलपुर एवं बिहार के सभी विधायकों द्वारा मिले सहयोग, प्रोत्साहन और सकारात्मक समर्थन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
खेल पहचान को नई ऊंचाई देगा आयोजन: डॉ. अजय कुमार सिंह
संघ के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि भागलपुर और बिहार की नई खेल पहचान का प्रतीक बनने जा रही है। उन्होंने कहा,“हमारा उद्देश्य बिहार के खिलाड़ियों को अपने राज्य में ही विश्वस्तरीय प्रतियोगिता का मंच उपलब्ध कराना है। ग्रैंडमास्टर और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत बनेगी। सभी के सहयोग से यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर एक नई मिसाल कायम करेगा।”
अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास: अजय कुमार मिश्रा
संघ के सचिव अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आयोजन समिति कई महीनों से पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटी हुई है। उन्होंने कहा,“हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और आगंतुकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएं। यह प्रतियोगिता बिहार में शतरंज के विकास का नया अध्याय साबित होगी।” उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, प्रायोजकों और शतरंज प्रेमियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
मीडिया के प्रति जताया धन्यवाद
अंत में भागलपुर जिला शतरंज संघ ने प्रेस वार्ता में उपस्थित सभी प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। संघ ने कहा कि मीडिया के सहयोग से इस ऐतिहासिक आयोजन की जानकारी जन-जन तक पहुंच सकेगी।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article