CM सम्राट चौधरी की भागलपुर से बड़ी घोषणा, युवाओं को शिक्षा और रोजगार देने का संकल्प

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर दौरे के दौरान शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने गौराडीह प्रखंड के काशील खरबा गांव पहुंचकर नवस्थापित डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भागलपुर से रिमोट माध्यम से राज्य के 211 महाविद्यालयों को मान्यता देने की प्रक्रिया का भी शुभारंभ किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि राज्य के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें, ताकि उन्हें रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में नए उद्योगों की स्थापना को लेकर इसी वर्ष विशेष रूप से काम शुरू किया जाएगा। इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत अब तक करीब 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सहायता राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर 25 जुलाई को उन पात्र महिलाओं के खातों में भी सहायता राशि भेजी जाएगी, जो अब तक इस योजना का लाभ नहीं ले सकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के माध्यम से बिहार को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री के भागलपुर दौरे और घोषणाओं के बाद क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article