NEWS PR डेस्क : रोहतास बिहार जिले के बिक्रमगंज शहर में शुक्रवार की रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब तेंदुनी चौक और आसपास के इलाके में एक सियार ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। देखते ही देखते सियार ने दर्जनभर से अधिक लोगों को अपना शिकार बना लिया। सियार के हमले में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद तेंदुनी चौक सहित आसपास के इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।
अचानक लोगों पर टूट पड़ा सियार, मची भगदड़ ,
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब आठ बजे तेंदुनी चौक के आसपास लोग अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे। इसी दौरान एक सियार अचानक वहां पहुंचा और लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। सियार के अचानक हमले से लोगों में भगदड़ मच गई। लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सियार ने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया। देखते ही देखते घायलों की संख्या बढ़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए।
अस्पताल पहुंचे घायल, लगाया गया रैबीज रोधी इंजेक्शन ,
सियार के हमले में घायल लोगों को इलाज के लिए बिक्रमगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात तक आठ घायल अस्पताल पहुंच चुके थे। अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया और उन्हें रैबीज रोधी इंजेक्शन लगाया गया।
अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अभिनंदन कुमार की मौजूदगी में घायलों का इलाज किया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायलों की स्थिति फिलहाल बेहतर बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद अनुमंडलाधिकारी दिलीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के इलाज की जानकारी भी ली।
युवक के होंठ को बुरी तरह काटा, निजी अस्पताल में इलाज ,
सियार के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि सियार ने युवक के होंठ को बुरी तरह काट लिया, जिसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
अनुमंडलाधिकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सियार को मार दिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सियार ने करीब 12 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया। हालांकि, अधिकांश घायलों की स्थिति बेहतर बताई जा रही है और फिलहाल किसी तरह के बड़े खतरे की बात सामने नहीं आई है।
वन विभाग की टीम ने मृत सियार को कब्जे में लिया ,
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने मृत सियार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सियार के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
वन रेंज पदाधिकारी विनय कुमार ने बताया कि सियार का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि सियार रैबीज से संक्रमित था या किसी अन्य कारण से उसने असामान्य व्यवहार किया। इसके अलावा यह भी स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा कि उसका लोगों पर हमला सामान्य अवस्था में हुआ या किसी बीमारी अथवा अन्य वजह से वह आक्रामक हो गया था।
घटना के बाद लोगों में दहशत ,
बिक्रमगंज के तेंदुनी चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में सियार के हमले की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है। अचानक हुए इस हमले ने लोगों को सकते में डाल दिया है। घटना के बाद लोग आसपास के इलाकों में सतर्क नजर आए।
वन विभाग द्वारा सियार के पोस्टमार्टम के बाद ही उसके असामान्य व्यवहार के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन और वन विभाग की ओर से लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
कैमूर के रोहतास से रंजन सिंह की रिपोर्ट ;–