72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बिहार के 4 नाम, संजय मिश्रा समेत इन हस्तियों को मिलेगा सम्मान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना: बिहार की मिट्टी से निकले चार फिल्मी चेहरों ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की सूची में अपनी खास जगह बनाई है। अभिनेता संजय मिश्रा, निर्देशक कमलेश कुमार मिश्रा, निर्माता मिंटी मिश्रा और फिल्म समीक्षक संजीव श्रीवास्तव को सिनेमा के अलग-अलग क्षेत्रों में राष्ट्रीय सम्मान मिलने जा रहा है। खास बात यह है कि बिहार से जुड़े इन चारों नामों ने अभिनय, निर्देशन, निर्माण और फिल्म समीक्षा—चार अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल की है।
पुरस्कार समारोह 22 सितंबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित करेंगी।
भक्षक’ के लिए संजय मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार
बिहार से जुड़े अभिनेता संजय मिश्रा को फिल्म ‘भक्षक’ में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलेगा। फिल्म में उन्होंने भास्कर सिन्हा की भूमिका निभाई है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की आधिकारिक विजेता सूची में संजय मिश्रा का नाम इस श्रेणी में शामिल है। अभिनय के क्षेत्र में यह सम्मान उनके करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल होने जा रहा है।
काकोरी’ ने दिलाया कमलेश और मिंटी मिश्रा को राष्ट्रीय सम्मान
गोपालगंज के हथुआ प्रखंड के सिंगहा गांव से जुड़े निर्देशक कमलेश कुमार मिश्रा और निर्माता मिंटी मिश्रा की फिल्म ‘काकोरी’ को भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के लिए चुना गया है। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ बायोग्राफिकल/हिस्टोरिकल रिकंस्ट्रक्शन/कम्पाइलेशन फिल्म श्रेणी में सम्मान मिलेगा। आधिकारिक सूची में कमलेश कुमार मिश्रा को निर्देशक और मिंटी मिश्रा को निर्माता के रूप में दर्ज किया गया है। दोनों को रजत कमल और निर्धारित नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
1925 के काकोरी रेल एक्शन पर आधारित है फिल्म
‘काकोरी’ वर्ष 1925 की ऐतिहासिक काकोरी रेल कार्रवाई पर आधारित है। फिल्म को तैयार करने के दौरान ऐतिहासिक दस्तावेजों, पुरानी किताबों और अखबारों का अध्ययन किया गया। इसके अलावा इतिहासकारों से भी जानकारी जुटाई गई, ताकि ऐतिहासिक घटना को पर्दे पर प्रस्तुत करने में तथ्यात्मकता बनी रहे।
संजीव श्रीवास्तव को मिलेगा स्वर्ण कमल
मुजफ्फरपुर से जुड़े फिल्म समीक्षक संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक (हिंदी) का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की आधिकारिक सूची में इस श्रेणी में उनका नाम एकमात्र विजेता के तौर पर दर्ज है।इस पुरस्कार के तहत उन्हें स्वर्ण कमल और निर्धारित नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। संजीव श्रीवास्तव लंबे समय से पत्रकारिता और फिल्म लेखन से जुड़े रहे हैं। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2024 में रिलीज हुई फिल्मों और सिनेमा से जुड़े कार्यों के लिए प्रदान किए जा रहे हैं

Share This Article