NEWS PR डेस्क: बिहार के बांका जिले से एक बेहद भावुक और दर्दनाक मामला सामने आया है। अमरपुर थाना क्षेत्र के कोहिंडा गांव की रहने वाली 45 वर्षीय रीना देवी ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के दौरान भागलपुर के मायागंज अस्पताल में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

क्या है पूरा मामला?
मृतका रीना देवी, मोहन दास की दूसरी पत्नी थीं। मोहन दास ने बताया कि वर्ष 2002 में पहली पत्नी की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद उन्होंने रीना देवी से विवाह किया। पहली पत्नी से उनकी एक बेटी पूजा कुमारी थी, जबकि दूसरी शादी के बाद रीना देवी के तीन बेटे हुए। परिजनों के अनुसार, 19 वर्षीय पूजा कुमारी एक युवक से प्रेम करती थी और 29 मई को घर से भागकर उसके साथ मंदिर में विवाह कर लिया। यह बात रीना देवी को काफी परेशान कर रही थी।
फोन पर हुई बातचीत बनी वजह
परिवार का कहना है कि रीना देवी लगातार बेटी से संपर्क करने की कोशिश कर रही थीं। जब आखिरकार बातचीत हुई तो उन्होंने बेटी से कहा कि उन्होंने उसे बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया है और उससे ऐसी उम्मीद नहीं थी। आरोप है कि जवाब में बेटी ने कहा, “मेरी जिंदगी में पहले मेरे पति हैं, उसके बाद तुम।” इस बात से रीना देवी गहरे सदमे में आ गईं।
जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।रीना देवी के तीन बेटे हैं। परिवार के सदस्यों का कहना है कि उन्हें पूजा के प्रेम संबंध की जानकारी पहले से नहीं थी। मां की मौत के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
……………………………….
