मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज में अत्याधुनिक भवन का शिलान्यास, जर्जर ढांचे को अलविदा

Farewell to the old, a move towards modern education—the dawn of a new era at Mirza Ghalib College

Rashmi Tiwari

गया शहर के प्रतिष्ठित मिर्ज़ा ग़ालिब कॉलेज में अत्याधुनिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। पुराने जर्जर भवन को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से लैस नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे कॉलेज के बुनियादी ढांचे को नई पहचान मिलेगी।
कॉलेज की उपलब्धियां और विकास यात्रा
इस अवसर पर शासी निकाय के अध्यक्ष प्रो. हाफिजुर रहमान खान, सचिव शब्बी आर्फीन शमसी एवं प्राचार्य डॉ. मोहम्मद अली हुसैन सहित कॉलेज के शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी मौजूद रहे। वर्ष 1969 में स्थापित यह कॉलेज समय के साथ कई चुनौतियों को पार करते हुए आज मगध विश्वविद्यालय के प्रमुख संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। वर्तमान नेतृत्व में संस्थान लगातार प्रगति कर रहा है और शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस परिसर
कॉलेज में सभी विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित हैं। इसके साथ ही BCA, BBA, BLIS, आईटी और बायोटेक्नोलॉजी जैसे व्यावसायिक (वोकेशनल) कोर्स भी उपलब्ध हैं। लगभग 10,000 से अधिक छात्र-छात्राएं यहां अध्ययनरत हैं। संस्थान में 60 कक्षाएं, 7 स्मार्ट क्लासरूम और करीब 25,000 पुस्तकों से सुसज्जित समृद्ध पुस्तकालय मौजूद है। कॉलेज डिजिटल कैंपस के निर्माण और स्किल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
नए भवन से मिलेगा आधुनिक स्वरूप
नवनिर्मित भवन के पूरा होने के बाद छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और तकनीकी संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे उनकी पढ़ाई और शोध कार्य को नई दिशा मिलेगी।
(रिपोर्ट: आशिष कुमार, गया)

Share This Article