NEWS PR डेस्क : पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ की पवित्रता और पारंपरिक संस्कृति को लेकर पटना में एक मामला सामने आया है। छठ गीतों पर कथित अश्लील नृत्य किए जाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की शिकायत के बाद पटना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के कार्यालय से सभी थानाध्यक्षों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

सहयोग पोर्टल पर की गई थी शिकायत
प्राप्त पत्र के अनुसार, आवेदक राहुल कुमार, पिता शंभू प्रसाद, निवासी थाना मालसलामी, जिला पटना ने सहयोग पोर्टल पर आवेदन देकर छठ महापर्व के पवित्र एवं पारंपरिक गीतों पर डांस कर रील बनाने तथा उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने पर रोक लगाने का अनुरोध किया था।
निगरानी रखने और कार्रवाई के निर्देश
शिकायत के मद्देनजर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पटना ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे छठ महापर्व से जुड़े पवित्र गीतों पर डांस कर रील बनाने और सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री प्रसारित किए जाने की निगरानी करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि की सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
छठ की गरिमा बनाए रखने की अपील
छठ महापर्व बिहार सहित देश के कई हिस्सों में श्रद्धा, पवित्रता और लोक परंपराओं के साथ मनाया जाता है। ऐसे में पर्व से जुड़ी धार्मिक भावनाओं और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखना महत्वपूर्ण है। अब देखना होगा कि पुलिस के निर्देश के बाद इस तरह की गतिविधियों पर किस प्रकार निगरानी रखी जाती है।