औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के पीतंबरा गांव में खेलने के दौरान चार मासूम बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते सभी बच्चे अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में चारों बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान पांच वर्षीय मुस्कान कुमारी की मौत हो गई। मृत बच्ची पीतंबरा गांव निवासी सहेंद्र रिकियासन की पुत्री थी। वहीं, तीन अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए तीनों को मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया है।
फिलहाल तीनों बच्चों का इलाज गया में चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ने और एक की मौत के बाद घटना को लेकर गांव में चिंता का माहौल है। हालांकि, बच्चों की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
औरंगाबाद से रुपेश की रिपोर्ट ;-