NEWS PR डेस्क: सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। रेवासी आम गाछी के पास पुलिस ने बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपितों की पहचान रमनगरा निवासी सुनील कुशवाहा, बेलसंड निवासी मणि कुमार और गाढ़ा थाना क्षेत्र के इंदल कुमार के रूप में हुई है। तीनों को पहले सीतामढ़ी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर बाइक से तीन संदिग्ध बेलसंड की ओर से रीगा आ रहे हैं। सूचना के आधार पर डीआईयू और एसआईटी की टीम को सक्रिय किया गया। रेवासी आम गाछी के पास पुलिस ने बाइक सवारों को देखा। पुलिस को देखते ही वे बाइक घुमाकर भागने लगे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस का कहना है कि घिरने के बाद बदमाशों ने करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में लगभग 10 से 11 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग में तीनों घायल हो गए। उनकी गोलीबारी से रीगा थाना की पुलिस गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई।
तलाशी के दौरान तीन पिस्टल और बैग से करीब 800 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस को आशंका है कि दो पिस्टल का इस्तेमाल दिनेश यादव हत्याकांड में हुआ था। सुनील कुशवाहा इस मामले में आरोपित और फरार बताया जा रहा था।पुलिस अब तीनों के आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित गिरोह कनेक्शन की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में तो नहीं थे। पुलिस तीनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास और पूर्व में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।
सीतामढ़ी में पुलिस एनकाउंटर: तीन बदमाश घायल, 3 पिस्टल और 800 कारतूस बरामद