शराबबंदी से लेकर अपराध तक ,भाई वीरेंद्र ने बिहार सरकार पर एक साथ साधे कई निशाने

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: राष्ट्रीय आर्थिक अनुसंधान परिषद (NCAER) की हालिया रिपोर्ट के बाद बिहार में शराबबंदी को लेकर राजनीतिक बहस एक बार फिर तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के शराबबंदी को लेकर दिए बयान के बाद अब राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने भी राज्य सरकार की नीति पर सवाल उठाए हैं। बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में भाई वीरेंद्र ने बिहार में लागू शराबबंदी को पूरी तरह विफल करार दिया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि राजद शराबबंदी के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है, लेकिन जिस तरीके से इसे लागू किया जा रहा है, उससे इसके मूल उद्देश्य पूरे नहीं हो रहे हैं।
‘बिना पर्याप्त सर्वे के लागू की गई शराबबंदी’
राजद विधायक ने आरोप लगाया कि महागठबंधन सरकार के समय पर्याप्त सर्वेक्षण और तैयारी के बिना शराबबंदी लागू करने का फैसला लिया गया था। उनका कहना था कि कानून लागू होने के बावजूद बिहार में शराब की अवैध सप्लाई पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राज्य में शराबबंदी लागू है तो दूसरे राज्यों और नेपाल से शराब बिहार तक कैसे पहुंच रही है। भाई वीरेंद्र ने सीमावर्ती इलाकों में शराब तस्करी का आरोप लगाते हुए अधिकारियों की कथित मिलीभगत पर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर शराब की खेप बिहार पहुंचती है और उनमें से कुछ ही पकड़ी जाती हैं। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शराबबंदी के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है और इससे जुड़े लोगों को फायदा पहुंच रहा है।
बढ़ते अपराध पर भी सरकार को घेरा
भाई वीरेंद्र ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने डायल-112 की गाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद अपराध होने पर पुलिस गश्ती व्यवस्था पर तंज कसा। उनका कहना था कि यदि पुलिस की गाड़ियां सड़कों पर मौजूद हैं और इसके बावजूद अपराध नहीं रुक रहे, तो इसे गश्ती नहीं, बल्कि ‘मटरगश्ती’ कहा जाएगा।
विपक्ष का काम सरकार को जगाना’
राजद विधायक ने विपक्ष की भूमिका को सरकार के लिए ‘चौकीदार’ की तरह बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार को उसकी जिम्मेदारियों के प्रति सचेत करना है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि आज चौकीदार से थाने में पैर दबवाया जा रहा है। राजद विधायक ने कहा कि उन्हें युवा मुख्यमंत्री से उम्मीद है कि वह बिहार में अपराध पर लगाम लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम करने की मांग कीअधिकारियों को मजिस्ट्रेट की शक्तियां दिए जाने के सवाल पर भाई वीरेंद्र ने आपत्ति जताई। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की अतिरिक्त शक्तियां मिलने से अधिकारियों की मनमानी बढ़ सकती है।

Share This Article