गया में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार की समीक्षा बैठक, अंबेडकर छात्रावास का भी किया निरीक्षण

Shreya Raj

NEWS PR डेस्क: बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार सोमवार को गया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में लोजपा रामविलास के वरिष्ठ नेता अरविंद कुमार सिंह, दिलीप सिंह समेत कई पार्टी नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद मंत्री ने पुलिस लाइन रोड स्थित अंबेडकर छात्रावास का निरीक्षण किया और छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रम को लेकर हुई चर्चा

समीक्षात्मक बैठक के दौरान पार्टी संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आने वाले कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। मंत्री संजय कुमार ने बताया कि पटना में जल्द ही एक कार्यक्रम आयोजित होना है। इसी कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से बिहार के अलग-अलग जिलों में समीक्षा बैठक की जा रही है। जहानाबाद के बाद वह गया पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि बैठक में प्रमुख साथियों के साथ संगठन से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

अंबेडकर छात्रावास में छात्रों से की बातचीत

समीक्षा बैठक के बाद गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने गया के पुलिस लाइन रोड स्थित अंबेडकर छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में रहने वाले छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया।

छात्रों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं और सुविधाओं से जुड़ी कमियों के बारे में मंत्री को जानकारी दी। संजय कुमार ने मौके पर मौजूद जिला कल्याण पदाधिकारी को इन समस्याओं से अवगत कराया और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

एनडीए गठबंधन में खटपट से मंत्री का इनकार

एनडीए में कथित मतभेदों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री संजय कुमार ने कहा कि गठबंधन में किसी तरह की खटपट नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दौर में कई तरह की चर्चाएं होती रहती हैं और मीडिया में भी अलग-अलग बातें सामने आती हैं। यदि कोई विषय होगा, तो सभी सहयोगी दल मिलकर बैठेंगे और उसे बातचीत के माध्यम से सुलझा लेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एनडीए गठबंधन पूरी तरह एकजुट है।

आरक्षण पर पार्टी का रुख स्पष्ट

आरक्षण की समीक्षा के मुद्दे पर संजय कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी का रुख बिल्कुल स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि आरक्षण की समीक्षा नहीं हो सकती और इस विषय पर किसी तरह की चर्चा की गुंजाइश नहीं है। उनके अनुसार, आरक्षण बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिया गया अधिकार है और इसे किसी भी स्थिति में कमजोर नहीं किया जा सकता।

वहीं, सहरसा में पत्रकार पर हुए हमले के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले की जांच कराएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

गया से रिपोर्टर: आशीष कुमार

Share This Article