NEWS PR डेस्क: गयाजी, 21 मार्च: गया के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने राज्य की राजनीति से लेकर पंचायत चुनाव और राष्ट्रीय मुद्दों तक कई अहम बिंदुओं पर अपनी बात रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने संयम बरतने की सलाह दी।
मंत्री ने कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर फिलहाल धैर्य रखने की जरूरत है। समय आने पर स्थिति खुद स्पष्ट हो जाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि राज्य की राजनीति में नीतीश कुमार का नेतृत्व आगे भी केंद्रीय भूमिका में रहेगा। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में जो विकास हुआ है, वह नीतीश कुमार के नेतृत्व का परिणाम है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलों पर भी उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि इस पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
ईद के मौके पर गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की गैरमौजूदगी को लेकर उठे सवालों पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विकास कार्यों में व्यस्त थे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनके बेटे निशांत कुमार का वहां मौजूद होना सामान्य बात है और इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री ने बड़ा संकेत देते हुए कहा कि वर्ष 2026 में होने वाले चुनाव में आरक्षण का नया रोस्टर लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यवस्था को लगभग 10 साल पूरे हो चुके हैं, ऐसे में सभी वर्गों को संतुलित प्रतिनिधित्व देने के लिए बदलाव जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी की और वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अप्रत्यक्ष निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हर चुनाव के दौरान हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार जनता बदलाव के मूड में दिख रही है।