राजस्व अधिकारियों की हड़ताल पर सरकार सख्त, सोमवार से ड्यूटी पर लौटने का अल्टीमेटम

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बिहार में राजस्व सेवा अधिकारियों की हड़ताल को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोमवार से सभी राजस्व अधिकारी अपने-अपने कार्यस्थल पर योगदान करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मांगों पर विचार का भरोसा, कार्रवाई की चेतावनी भी

शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राजस्व अधिकारियों की मांगों को लेकर गंभीर है और समाधान के लिए बातचीत का रास्ता खुला हुआ है। उन्होंने बताया कि मांगों की समीक्षा के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद सरकार नीतिगत निर्णय लेगी। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि हड़ताल के कारण जनहित के कार्य प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे।

अपील के बाद कई जिलों में अधिकारियों ने किया योगदान

विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि पांच फरवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व अधिकारियों से तत्काल ड्यूटी पर लौटने की अपील की थी। इस अपील का सकारात्मक असर दिखा और शनिवार को कई जिलों में बड़ी संख्या में अधिकारियों ने योगदान दिया।

तीन सदस्यीय समिति करेगी कार्य और अधिकारों की समीक्षा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व अधिकारियों के कार्य, अधिकार और दायित्वों की विस्तृत समीक्षा के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति की बैठक शीघ्र आयोजित होगी। यह समिति सरकार को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। सरकार का दावा है कि समिति की सिफारिशों के बाद व्यवस्थागत बदलाव किए जा सकते हैं।

सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिलों की समीक्षा

उन्होंने जानकारी दी कि सोमवार को राजस्व विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल और सचिव जय सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों की स्थिति की समीक्षा करेंगे। इस दौरान यह आकलन किया जाएगा कि किन जिलों में अधिकारी ड्यूटी पर लौट चुके हैं और कहां अब भी कामकाज प्रभावित है।

राजस्व अभियानों को प्राथमिकता देने के निर्देश

राजस्व विभाग के कामकाज को पूरी तरह सामान्य करने के लिए उपमुख्यमंत्री ने सभी अंचल अधिकारियों को एग्री स्टैक महाअभियान, ई-मापी और राजस्व महाअभियान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन अभियानों के लंबित रहने से आम लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हल्का कर्मचारियों से बहकावे में न आने की अपील

विजय कुमार सिन्हा ने हल्का कर्मचारियों से किसी के बहकावे में नहीं आने और जनता के विश्वास पर खरा उतरने की अपील की। उन्होंने अपने कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि कृषि मंत्री रहते हुए बेहतर प्रदर्शन करने वाले कृषि समन्वयकों के वेतन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की गई थी। उन्होंने संकेत दिया कि काम और प्रदर्शन के आधार पर हल्का कर्मचारियों को भी भविष्य में ऐसे अवसर मिल सकते हैं।

Share This Article