भोजपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, दो सगे भाइयों की मौत; 7 लोग गंभीर रूप से घायल, घायलों में मासूम बच्चे भी शामिल !

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क: भोजपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क पर मौजूद लोगों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 11 और 12 साल के बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। सड़क पर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते वाहन ने एक के बाद एक कुल नौ लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

दो सगे भाइयों की मौत से परिवार में मातम

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रामडीहरा गांव निवासी कमलेश यादव, उम्र करीब 48 वर्ष और दिनेश यादव, उम्र करीब 55 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे और उनके पिता का नाम नरेश यादव बताया गया है। एक ही परिवार के दो भाइयों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

वहीं, घायलों में रमेश यादव, मुन्ना यादव, करिया यादव, भुअर यादव, मोहित यादव, धर्मेंद्र पंडित और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। इनमें दो बच्चे भी हैं, जिनकी उम्र 11 और 12 साल बताई जा रही है।

बेलगाम रफ्तार पर ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश भी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।

घायलों का आरा सदर अस्पताल में इलाज जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


बिहार के आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article