बगहा के गोड़ियापट्टी घाट पर छठ की भव्य तैयारी मंदिर की दीवारों पर थ्रीडी पेंटिंग बनी आकर्षण का केंद्र !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण जिले के जहां लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर ऐतिहासिक गोड़ियापट्टी घाट पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार घाट की खूबसूरती में चार चांद लगा रही है भगवान शंकर के प्राचीन मंदिर की दीवारों पर बनाई गई आकर्षक थ्रीडी चित्रकारी। इन तस्वीरों के जरिए छठ महापर्व की आस्था, परंपरा और धार्मिक मान्यताओं को जीवंत रूप दिया गया है। घाट पर पहुंचने वाले लोग इन कलाकृतियों को देखकर काफी आकर्षित हो रहे हैं।

बगहा नगर के ऐतिहासिक गोड़ियापट्टी छठ घाट को इस बार भव्य और आकर्षक रूप देने की कोशिश की जा रही है। घाट स्थित भगवान शंकर के प्राचीन मंदिर की दीवारों पर बनाई गई थ्रीडी पेंटिंग लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इन चित्रों में छठ महापर्व से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक प्रसंगों को बेहद खूबसूरती से उकेरा गया है।

खास बात यह है कि इन आकर्षक चित्रों को तैयार करने के लिए पटना से कलाकारों को बुलाया गया था। कलाकारों ने करीब एक सप्ताह तक लगातार मेहनत कर दीवारों को अपनी कला से सजाया है। थ्रीडी चित्रकारी के कारण मंदिर की दीवारें अब छठ की आस्था और परंपरा की जीवंत तस्वीर पेश कर रही हैं।

व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

वार्ड पार्षद रानू सिंह और पार्षद प्रतिनिधि राहुल सिंह ने बताया कि छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट तक पहुंचने के लिए सुगम रास्ता, पुल और बैठने की व्यवस्था समेत अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।

वहीं, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सृजन कुमार ने बताया कि थ्रीडी चित्रकारी के माध्यम से नई पीढ़ी को छठ महापर्व की धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं से परिचित कराने का प्रयास किया गया है।

लगातार दूसरे साल हो रही अनूठी पहल

गोड़ियापट्टी घाट पर लगातार दूसरे वर्ष इस तरह की पहल की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना की है। अब घाट की सजावट और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि छठ महापर्व के दौरान यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल और सुविधाएं मिल सकें।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-

Share This Article