छठ का गाना बजाने पर विवाद, स्कॉर्पियो से 10 लोगों को रौंदा, 2 सगे भाइयों की मौत

Rashmi Tiwari
 

NEWS PR डेस्क : भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले से दीपावली की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में मंदिर पर छठ का गाना बजाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बाद स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर करीब 10 लोगों को अपनी गाड़ी से रौंद दिया। इस दर्दनाक घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मंदिर में गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, रामडिहरा गांव स्थित सूर्य मंदिर पर दीपावली की रात छठ पूजा का गाना बजाया जा रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो पर सवार होकर गांव का ही एक व्यक्ति वहां पहुंचा और गाना बंद करने को कहा। उसने कथित तौर पर दोबारा गाना नहीं बजाने की धमकी भी दी। इसी बात को लेकर मुन्ना यादव और स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर मुन्ना यादव ने फोन कर परिवार के अन्य सदस्यों को मौके पर बुला लिया। हालांकि, इस बीच स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब परिवार के लोग और ग्रामीण इकट्ठा होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी आरोपी दोबारा स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से लोगों को रौंदने का आरोप
आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार ने अचानक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते हुए वहां मौजूद लोगों को कुचलना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद भी उसने गाड़ी नहीं रोकी और कई लोगों को करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। इस दौरान किसी के सीने पर गाड़ी चढ़ गई तो किसी के हाथ-पैर बुरी तरह कुचल गए।
घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। कोई खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा था तो कोई गंभीर रूप से घायल होकर दूर छटपटा रहा था। ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, ग्रामीणों के पीछा करने पर स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गया।

दो सगे भाइयों की मौत, कई की हालत गंभीर
इस घटना में दिनेश यादव और कमलेश यादव की मौत हो गई। दिनेश यादव की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है और वह पेशे से ट्रक चालक थे। वहीं, कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने के दौरान मौत हो गई। घटना में अन्य आधा दर्जन से अधिक लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में बच्चों के भी शामिल होने की जानकारी है। घायलों में रमेश यादव के 13 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार और राजेश कुमार के 15 वर्षीय पुत्र रितु कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं। तीन घायलों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
डॉक्टर ने बताया कैसे हुई मौत
आरा सदर अस्पताल के ऑन ड्यूटी चिकित्सक अशोक कुमार के मुताबिक, पांच से छह लोगों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने के दौरान ही मौत हो गई। उनके सिर और मुंह से काफी खून बह रहा था। वहीं, दिनेश यादव के सीने पर स्कॉर्पियो चढ़ने से अंदरूनी चोट आई थी। सिर में भी गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। अन्य घायलों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें लगी हैं। सभी का प्राथमिक उपचार करने के बाद आगे इलाज किया जा रहा है।

बेटे ने बताई विवाद और घटना की पूरी कहानी
मृतक के बेटे रोहित ने बताया कि गांव के सूर्य मंदिर पर छठ का गाना बज रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति वहां पहुंचा और मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा। इसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई।
रोहित के मुताबिक, विवाद के बाद मुन्ना यादव ने फोन कर परिवार के लोगों को बुलाया। कुछ देर बाद जब सभी लोग एक जगह इकट्ठा होकर बातचीत कर रहे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति दोबारा वहां पहुंचा और तेज रफ्तार में लोगों को कुचल दिया। उसने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी तथा कई लोगों को घसीटता रहा। ग्रामीणों के पीछा करने पर वह फरार हो गया।
घर में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी आशा देवी, तीन बेटे शियोग, रोहित और प्रिंस तथा चार बेटियां निशा, मनीषा, प्रिय और रागिनी हैं। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपित स्कॉर्पियो सवार के खिलाफ आगे की कार्रवाई को लेकर भी जांच जारी है।

Share This Article