पटना: बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू प्रत्याशी नीरज सिंह की तबीयत बिगड़ने और मेदांता अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बीच जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने उन पर तीखा हमला बोला है। अनंत सिंह ने नीरज सिंह की बीमारी को लेकर तंज कसते हुए कई आरोप लगाए हैं।
वहीं, पार्टी के भीतर जारी इस सियासी खींचतान ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।
बीमारी को लेकर अनंत सिंह ने कसा तंज
नीरज सिंह की तबीयत खराब होने पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने दावा किया कि यह उनकी पुरानी आदत है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब बूथ पर पैसा भेजने की जरूरत होती है, तो नीरज सिंह बीमार पड़ जाते हैं और अस्पताल में भर्ती हो जाते हैं। अनंत सिंह ने यह भी कहा कि दो घंटे बाद ठीक होकर वह फिर वोट मांगने निकल पड़ते हैं।
नीरज सिंह की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात को लेकर सवाल पूछे जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि पार्टी के नेता से मुलाकात करना सामान्य बात है। उन्होंने कहा कि अपनी पार्टी के नेता से मिलने में आखिर क्या परेशानी है?
नीरज सिंह के खिलाफ बगावती तेवर
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में अनंत सिंह लगातार नीरज सिंह के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। वह पार्टी लाइन से अलग जाकर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।अनंत सिंह पहले ही कह चुके हैं कि पार्टी रहे या जाए, वह नीरज सिंह को जीतने नहीं देंगे। उन्होंने नीरज सिंह पर पिछले चुनावों में उनके और ललन सिंह के खिलाफ काम करने का आरोप भी लगाया है। इसके अलावा, अनंत सिंह ने उन्हें कथित तौर पर फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने का आरोप भी लगाया है।
मेरा विरोध नीरज कुमार से है, पार्टी से नहीं’अनंत सिंह का कहना है कि उनकी नाराजगी जेडीयू से नहीं, बल्कि नीरज सिंह से है। दशहरा के मौके पर भी उन्होंने नीरज सिंह को हराने का ऐलान किया था।उन्होंने कहा, “मैं जनता और ईश्वर से माफी मांगता हूं। भगवान इस अहंकारी इंसान को हराएं।”अनंत सिंह का दावा है कि नीरज सिंह पिछले 18 वर्षों से उनके खिलाफ काम कर रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने इस बार उन्हें चुनाव में हराने का संकल्प लिया है।
तीन बार से एमएलसी हैं नीरज सिंहपटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज सिंह लगातार तीन बार से एमएलसी रहे हैं। इस बार चुनाव में अनंत सिंह की नाराजगी और जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह को उनका समर्थन राजनीतिक मुकाबले को दिलचस्प बना रहा है।