NEWS PR डेस्क: पटना जिले के मोकामा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। बख्तियारपुर-औंटा गोलंबर के बीच शिवनार गांव के पास फोरलेन पर एक तेज रफ्तार क्रेटा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार दंपती समेत तीन लोगों की जान चली गई।

घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार पटना से खगड़िया की ओर जा रही थी। इसी दौरान शिवनार गांव के समीप वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और डिवाइडर से टकरा गया।
हादसे के बाद कार में फंसा रहा चालक का शव
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। चालक का शव वाहन के अंदर फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मोकामा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। सभी शवों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए मोकामा ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
खगड़िया के रहने वाले थे मृतक
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले लोग खगड़िया जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। चालक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर सदरे आलम के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।
झपकी आने से हादसे की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी आने के कारण कार का संतुलन बिगड़ा होगा। इसके बाद तेज गति से चल रही गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई। हालांकि, पुलिस ने हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है। हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को दुर्घटना की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, जहां तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद कुछ समय तक फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।