NEWS PR डेस्क :गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज पटना के एक अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बाराचट्टी इलाके में हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बाराचट्टी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला।
मृतक युवक की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र स्थित तेलारी गांव निवासी बंटी जायसवाल (28) के रूप में हुई है। बंटी जायसवाल शिव मूरत शाह के पुत्र थे। वहीं, घायल युवक की पहचान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के गुरुरा गांव निवासी पंकज कुमार उर्फ पिंटू सिंह (33) के रूप में हुई है। पंकज कुमार जितेंद्र सिंह के पुत्र हैं।
पुलिस ने घायल पंकज कुमार को इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज पटना में जारी है।
बाराचट्टी थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने मंगलवार सुबह घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया गया है। वहीं, मृतक और घायल युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट
