समस्तीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 30 यात्री घायल; चालक पर गंभीर आरोप

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:समस्तीपुर: सोमवार की सुबह समस्तीपुर में एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरातफरी मचा दी। एनएच-28 पर फतेहपुर गांव के पास समस्तीपुर से पटना जा रही यात्री बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बस में सवार करीब 30 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत-बचाव में जुट गए।

बताया जा रहा है कि बस समस्तीपुर से पटना की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक ताजपुर की तरफ से मुसरीघरारी की ओर आ रहा था। फतेहपुर गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को आसपास के निजी क्लीनिकों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया।

दुर्घटना के बाद कुछ यात्रियों ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। यात्रियों का कहना है कि चालक कथित तौर पर बस चलाते समय मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी दिशा में चली गई। हालांकि, पुलिस इस आरोप की जांच कर रही है। ट्रक चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की और वाहन सड़क किनारे गड्ढे में उतर गया, लेकिन हादसा टल नहीं सका।

वहीं एक यात्री ने बताया कि हादसे के बाद वह कुछ समय के लिए बेहोश हो गए थे। होश में आने पर उनकी जेब से 15 हजार रुपये और मोबाइल फोन गायब मिला। पुलिस इस मामले में भी जांच कर रही है मुसरीघरारी थाना पुलिस के अनुसार, घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बस चालक पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Share This Article