मोतिहारी में मीडिया की सक्रियता और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता का असर एक बार फिर देखने को मिला है। परसौनी कपूर से बोकाने कला को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर बनी पुलिया और सड़क का क्षतिग्रस्त हिस्सा महज 30 दिनों के भीतर मरम्मत के बाद दुरुस्त कर दिया गया है।

न्यूज़ पीआर लाइव द्वारा 8 जून को इस मामले को प्रमुखता से उजागर किए जाने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग हरकत में आए। खबर प्रकाशित होने के तुरंत बाद मामले का संज्ञान लिया गया और ठेकेदार के माध्यम से क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई गई।
सड़क और पुलिया की तस्वीरें भी विभाग को भेजी गई
पकड़ीदयाल ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता ई. इफ्तखार अहमद ने मरम्मत कार्य पूरा होने की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग के एमएमजीएसवाई कोषांग के नोडल पदाधिकारी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी। पत्र में बताया गया कि सोशल मीडिया और न्यूज़ पोर्टल पर उठी शिकायतों के बाद संवेदक द्वारा मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके प्रमाण स्वरूप सड़क और पुलिया की तस्वीरें भी विभाग को भेजी गई हैं।
सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई
हालांकि विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि संबंधित पुलिया पहले पंचायत स्तर पर निर्मित थी। भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण पुलिया का पैरापेट क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते हाल ही में बनी पीसीसी सड़क भी प्रभावित हुई। विभाग का कहना है कि सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत लगभग 1.8 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कराया गया था। निर्माण के दौरान लगाए गए बोर्ड पर प्राक्कलित राशि अंकित नहीं थी और सड़क का नाम भी गलत दर्ज पाया गया था। निर्माण के कुछ ही समय बाद ही पुलिया और सड़क में दरारें आने से स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई थी। ग्रामीणों ने घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जांच की मांग भी की थी। अब मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोग इसे मीडिया की निगरानी और जनजागरूकता का सकारात्मक परिणाम मान रहे हैं, जिससे संभावित हादसों की आशंका भी काफी हद तक कम हो गई है।
मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट
