NEWS PR डेस्क: भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी और बयान को लेकर चर्चा में हैं। पत्नी ज्योति सिंह के साथ तलाक का मामला चल रहा है। इसी बीच एक भोजपुरी अवॉर्ड शो में पवन सिंह ने ऐसा खुलासा किया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। उन्होंने बताया कि उन्हें पति-पत्नी पर आधारित एक रियलिटी शो में आने के लिए फोन आया था। इस पर उन्होंने सवाल किया कि वह शो में किसके साथ जाएंगे। पवन सिंह की यह बात सुनकर मंच पर मौजूद मनोज तिवारी भी हंस पड़े।
मनोज तिवारी के सामने पवन सिंह ने किया खुलासा
दरअसल, सोमवार को आयोजित भोजपुरी अवॉर्ड शो के दौरान मनोज तिवारी और पवन सिंह के बीच हल्की-फुल्की बातचीत हो रही थी। मनोज तिवारी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पवन सिंह आजकल उनका फोन नहीं उठाते हैं। इस पर पवन ने उनसे माफी मांगते हुए कहा, ‘सॉरी भैया।’
बातचीत के दौरान पवन सिंह ने कपल रियलिटी शो का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि शो के लिए फोन आने पर उन्होंने पूछा कि वह किसके साथ जाएंगे। इसके बाद आयोजकों की ओर से जिन-जिन लोगों के नाम बताए गए, उन्होंने हाथ जोड़कर नमस्ते कर दिया। मनोज तिवारी ने भी उन्हें एक दिन शो में आने के लिए कहा।
मंच पर उतारी चप्पल, मनोज तिवारी के छुए पैर
वहीं अवॉर्ड शो के दौरान पवन सिंह बिना चप्पल के मंच पर नजर आए। जब मनोज तिवारी ने उनसे इसकी वजह पूछी, तो उन्होंने कहा कि संस्कार बनाए रखने की सीख के कारण वह कुछ मौकों पर चप्पल उतार देना उचित समझते हैं।
इसके बाद पवन सिंह ने मनोज तिवारी के पैर छुए और भोजपुरी कलाकारों को मिले सम्मान का श्रेय उन्हें दिया। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि आज कलाकारों को मंच और सम्मान मिल रहा है, तो इसमें मनोज तिवारी का बड़ा योगदान है। पवन ने कहा कि ये आपका देन है भैया, नहीं तो हम लोग कहीं खेती कर रहे होते या फिर 1500-2000 की नौकरी कर रहे होते।
भोजपुरी अवॉर्ड शो में पवन सिंह का खुलासा, कपल शो के ऑफर पर दिया मजेदार जवाब