NEWS PR डेस्क: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहकों को अगले सप्ताह बैंकिंग सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 23 मई से 28 मई 2026 तक अलग-अलग कारणों से बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहने की संभावना है। चौथे शनिवार, रविवार, कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद की छुट्टियों के चलते कई राज्यों में बैंक लगातार बंद रह सकते हैं।
ऐसे रहेगा छुट्टियों और हड़ताल का कार्यक्रम
23 मई को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे। इसके अगले दिन 24 मई को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। वहीं 25 और 26 मई को ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
इसके बाद 27 और 28 मई को ईद-उल-अज़हा (बकरीद) के अवसर पर कई राज्यों में सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। आरबीआई के अवकाश कैलेंडर के अनुसार जम्मू-कश्मीर समेत कुछ राज्यों में इन दोनों दिनों बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा।

इन सेवाओं पर पड़ेगा असर
लगातार छुट्टियों और हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकद जमा-निकासी, पासबुक अपडेट, चेक क्लीयरेंस, लोन संबंधी कार्य और अन्य काउंटर सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि जरूरी बैंकिंग कार्य समय रहते निपटा लें।
क्यों हो रही है हड़ताल?
एसबीआई कर्मचारी संगठन आउटसोर्सिंग नीति का विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सशस्त्र गार्ड और सब-स्टाफ सहित अन्य पदों पर स्थायी नियुक्तियां की जाएं। इसके अलावा नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से जुड़े नियमों में बदलाव, प्रमोशन नीति की समीक्षा और अधिकारियों के समान वेतन-भत्तों की मांग को लेकर भी कर्मचारी संगठनों ने नाराजगी जताई है।

ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू
हालांकि बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट बैंकिंग, योनो ऐप, यूपीआई भुगतान और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। ग्राहकों से ऑनलाइन माध्यमों का अधिक उपयोग करने की अपील की गई है, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।