भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता, लापता पांच लड़कियां 12 घंटे में सकुशल बरामद

तेजी से कार्रवाई, 12 घंटे में सफलता—भागलपुर पुलिस ने लापता लड़कियों को सकुशल बरामद किया

Rashmi Tiwari

भागलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक से लापता हुई पांच लड़कियों को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में छह विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों में नाथनगर, मोजाहिदपुर, हबीबपुर, जीरोमाइल, विश्वविद्यालय और कोतवाली थाना की पुलिस के साथ-साथ तकनीकी शाखा को भी शामिल किया गया।


रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों में छापेमारी
पुलिस ने लगातार रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी और जांच अभियान चलाया। तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर कार्रवाई तेज की गई। सुरागों के आधार पर पुलिस ने पटना जीआरपी की मदद ली और सभी पांचों लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया।


प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा
भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सभी लड़कियों को वापस लाने के लिए पुलिस उपाधीक्षक (हेडक्वार्टर) और केस के अनुसंधानकर्ता को पटना भेजा गया था। उन्होंने कहा कि सभी कानूनी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद लड़कियों को उनके परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article