NEWS PR डेस्क: नई दिल्ली, 3 मई । विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस दर्दनाक घटना में कुल 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें पुरुष, महिलाएं और एक डेढ़ साल का मासूम बच्चा भी शामिल है।
आग लगने की सूचना दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 3:47 बजे मिली, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत और बचाव कार्य के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि दो लोग घायल हो गए। मृतकों के शव इमारत के अलग-अलग हिस्सों से बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, पहले फ्लोर से एक, दूसरे फ्लोर से पांच और सीढ़ियों से तीन शव मिले। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि कई लोग आग से बचने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन धुएं और लपटों में फंस गए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है। कुछ मामलों में पहचान के लिए DNA परीक्षण की जरूरत पड़ेगी। दूसरे और तीसरे फ्लोर पर रहने वाले जैन परिवार के कई सदस्य इस हादसे का शिकार हो गए। वहीं, पहले फ्लोर से एक महिला का शव मिला, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज जारी है।
घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। कुछ लोगों का मानना है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जबकि अन्य के अनुसार एसी में धमाके के बाद आग तेजी से फैली। अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है और जल्द ही वास्तविक कारण सामने आएगा। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग की खिड़कियों और बालकनी में लोहे की ग्रिल लगी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कत आई। इसके बावजूद कई लोगों की जान बचाई जा सकी। गंभीर रूप से झुलसे एक व्यक्ति को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।