सिवान में युवक पर तेजाब डालकर लगाई आग, दुकान में बंद कर हत्या; मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के सिवान जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जी.बी. नगर थाना क्षेत्र के सरैया गांव में 30 वर्षीय युवक मोहम्मद नदीम हुसैन की कथित तौर पर तेजाब डालकर और आग लगाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद युवक को दुकान के अंदर बंद कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने इलाज के दौरान सिवान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान मोहम्मद जलील हुसैन के पुत्र मोहम्मद नदीम हुसैन के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं इलाके में आक्रोश का माहौल है। मृतक की बहन अफसाना खातून के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई के चेहरे पर तेजाब डालकर आग लगा दी गई है और उसे दुकान के अंदर बंद कर दिया गया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। उस वक्त नदीम की हालत बेहद गंभीर थी। परिजन आनन-फानन में उसे सिवान सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तीन लोगों के शामिल होने की बात, लेकिन नहीं बता सका नाम
मृतक की बहन अफसाना खातून ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय उन्होंने अपने भाई से घटना के बारे में पूछने की कोशिश की थी। इस दौरान नदीम ने सिर्फ इतना बताया कि इस वारदात में तीन लोग शामिल थे। हालांकि, गंभीर हालत होने के कारण वह किसी का नाम नहीं बता सका। परिजनों का कहना है कि पुलिस इस मामले की गहराई से जांच करे और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करे।


शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, थानाध्यक्ष को निलंबित करने की मांग
पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर चौकी हसन पंचायत के अलावलपुर गांव पहुंचे, तो आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक की बहन अफसाना खातून भी सड़क पर धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शनकारियों ने जी.बी. नगर थानाध्यक्ष को निलंबित करने, सिवान के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।


मौके पर पहुंचे SDO और SDPO, कार्रवाई का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही सिवान सदर SDO आशुतोष कुमार गुप्ता और SDPO प्रांजल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। SDO आशुतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसकी जल्द गिरफ्तारी कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती वारदात में शामिल लोगों की पहचान करना और घटना के पीछे की वजह का पता लगाना है।

Share This Article