रामकुमार सिंह हत्याकांड का शूटर पवन यादव मुठभेड़ में घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के भोजपुर जिले में पूर्व कस्टम अधिकारी और क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड में शामिल फरार शूटर पवन यादव शुक्रवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव के पास पुलिस टीम पवन यादव की निशानदेही पर छिपाए गए हथियार की बरामदगी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी। घायल पवन यादव नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा हाउसिंग कॉलोनी निवासी निर्मल यादव का पुत्र बताया जा रहा है।
भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि रामकुमार सिंह हत्याकांड में बाइक सवार तीन मुख्य शूटर शामिल थे। इनमें पवन यादव भी एक था। पुलिस अब तक दो शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है। तीसरे शूटर और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी रामकुमार सिंह की हत्या
गौरतलब है कि 15 अक्टूबर की सुबह कनकपुरी मोहल्ला निवासी रामकुमार सिंह अपने बेटे के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। उन्हें करीब से आठ गोलियां मारी गई थीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।
इस मामले में उनके बेटे अमित कुमार उर्फ गोल्डी के बयान पर 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस पहले ही कई आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। गुरुवार को पांच आरोपितों को न्यायालय के आदेश पर 48 घंटे की रिमांड पर लिया गया था। अब पवन यादव की गिरफ्तारी और मुठभेड़ के बाद पुलिस को हत्याकांड की साजिश, शूटरों की भूमिका और अन्य आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट

Share This Article