NEWS PR डेस्क: पटना, 08 जून। बिहार के बहुप्रतीक्षित कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना का निर्माण कार्य जुलाई 2026 के पहले सप्ताह तक पूरा हो जाएगा। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने शनिवार को परियोजना स्थल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और शेष कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। विभाग के अनुसार परियोजना का भौतिक कार्य 98.1 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वर्तमान में पुल पर फिनिशिंग कार्य, एक्सपेंशन जॉइंट्स की स्ट्रेसिंग और अन्य तकनीकी कार्य जारी हैं।
सचिव पंकज कुमार पाल ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए निर्माण एजेंसी और अभियंताओं को निर्देश दिया कि अंतिम चरण के कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी तकनीकी मानकों का पालन करते हुए परियोजना को हर हाल में जुलाई 2026 के पहले सप्ताह तक पूरा कर आम जनता के लिए मार्ग खोल दिया जाए।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ रही है। कुल 19.76 किलोमीटर लंबी इस 6 लेन ग्रीनफील्ड परियोजना में 9.76 किलोमीटर लंबा पुल और 10 किलोमीटर लंबे पहुंच पथ का निर्माण शामिल है। परियोजना का पहला चरण, कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक 4.57 किलोमीटर हिस्से का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है।
यह पुल पटना के सबलपुर को एनएच-103 से जोड़ेगा और पटना-बख्तियारपुर बाईपास (एनएच-30) से सीधे कनेक्ट होगा। विभाग का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद राजधानी पटना और उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क और अधिक सुगम होगा।
सचिव ने कहा कि इस पुल के चालू होने से क्षेत्र में कृषि, उद्योग और व्यापार को नई गति मिलेगी। साथ ही आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में लोगों को पटना पहुंचने में काफी सुविधा होगी।
विभाग के अनुसार यह मेगा प्रोजेक्ट हाजीपुर और समस्तीपुर की ओर जाने वाले यातायात को भी सुगम बनाएगा। इसके शुरू होने के बाद गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा और पटना से उत्तर बिहार की यात्रा अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सकेगी।