बिहार गृह विभाग में रिक्त पदों पर जल्द होगी नियुक्ति, प्रधान सचिव ने दिए तेजी लाने के निर्देश

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:11 सितंबर को गृह विभाग में रिक्त पदों के विरुद्ध नियुक्ति हेतु प्रधान सचिव पंकज कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के विभिन्न निदेशालयों से प्राप्त नियुक्ति संबंधी रिपोर्ट की समीक्षा की गई तथा रिक्त पदों के विरुद्ध नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय तथा संबंधित निदेशालय के पदाधिकारियों को निदेशित करते हुए प्रधान सचिव ने कहा सभी निदेशालयों से प्राप्त रिपोर्ट को समेकित करते हुए एक समेकित रिपोर्ट तैयार की जाए, जिसमें विभिन्न पदों की रिक्तियों तथा उनके विरुद्ध नियुक्ति की वर्तमान स्थिति का स्पष्ट उल्लेख हो।उन्होंने निर्देशित किया कि रोस्टर क्लियरेंस, अधियाचना एवं विज्ञापन की स्थिति के आधार पर विभिन्न पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।

प्रधान सचिव ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नियुक्ति प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विभाग में रिक्त पदों को शीघ्रता से भरा जा सके। बैठक के दौरान गृह विभाग के विशेष सचिव अनिल कुमार चौधरी, आईजी (मुख्यालय) मनोज कुमार, निदेशक (अभियोजन) सुधांशु कुमार चौबे, अपर सचिव कुंदन कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी आदित्य कुमार झा सहित गृह विभाग तथा पुलिस मुख्यालय के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article