NEWS PR डेस्क: पटना, 14 जून 2026। बिहार में खरीफ मौसम की तैयारियों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को 1 अणे मार्ग से किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शारदीय (खरीफ) महाभियान-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कृषि ज्ञान वाहनों सहित सभी जिलों के लिए रवाना किए गए किसान जागरूकता वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विशेष जागरूकता अभियान के माध्यम से किसानों को खरीफ मौसम से संबंधित सरकारी योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि विभाग की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। अभियान के तहत जागरूकता वाहन गांव-गांव पहुंचकर किसानों को उन्नत खेती, फसल प्रबंधन और कृषि नवाचारों के बारे में जागरूक करेंगे।
अभियान के दौरान किसानों को खरीफ फसलों की वैज्ञानिक खेती, बीज एवं उर्वरक प्रबंधन, अनुदानित कृषि योजनाओं तथा कृषि यंत्रीकरण की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही किसानों को डिजिटल कृषि सेवाओं, फार्म रजिस्ट्री और ई-गवर्नेंस आधारित सुविधाओं से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

कृषि विभाग के अनुसार, जागरूकता कार्यक्रम के जरिए किसानों को प्रशिक्षण एवं विस्तार सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ खेत बचाओ अभियान, प्राकृतिक एवं संतुलित उर्वरक उपयोग तथा फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ कृषि उत्पादन को और अधिक प्रभावी बनाना है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, कृषि विभाग के विशेष सचिव वैभव प्रसाद यादव, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, कृषि विभाग के निदेशक सौरभ सुमन यादव, उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस अभियान से किसानों तक सरकारी योजनाओं और नई कृषि तकनीकों की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी, जिससे खरीफ सीजन में उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
