NEWS PR डेस्क :जनता दल यूनाइटेड (JDU) में कथित नाराजगी और नेताओं के बीच मतभेद की चर्चाओं के बीच केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर पार्टी की स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने ऐसी सभी अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि JDU पूरी तरह एकजुट है और पार्टी में फैसले आपसी विचार-विमर्श और सहमति से लिए जाते हैं।
ललन सिंह ने कहा कि उनका किसी भी व्यक्ति के साथ कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने पार्टी की पुरानी कार्यशैली का जिक्र करते हुए कहा कि 1994 में नीतीश कुमार द्वारा समता पार्टी के गठन के समय से ही संगठन में आंतरिक लोकतंत्र की परंपरा रही है। महत्वपूर्ण मुद्दों पर नेताओं के बीच चर्चा और विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिए जाते हैं और यही प्रक्रिया आज भी जारी है।
गुजरात कार्यक्रम की वजह से प्रशिक्षण में नहीं पहुंचे
शुक्रवार को पटना में JDU के विधायकों और एमएलसी के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें ललन सिंह के शामिल नहीं होने के बाद पार्टी के भीतर उनकी नाराजगी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इस पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि गुजरात में उनका पहले से निर्धारित कार्यक्रम था, इसलिए वह प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने बताया कि कुछ विधायकों ने फोन कर उनसे बात की थी और उन्हें गुजरात में होने की जानकारी दी गई थी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से भी रात में फोन पर बातचीत होने की बात उन्होंने कही।
संजय झा से बातचीत पर भी दिया जवाब
कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के साथ संवाद को लेकर ललन सिंह ने कहा कि दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती है। पार्टी से जुड़े मुद्दों पर आपसी राय और विचार-विमर्श होता है। वहीं, मोकामा विधायक अनंत सिंह और JDU एमएलसी नीरज कुमार के बीच जारी जुबानी जंग पर सवाल पूछे जाने पर ललन सिंह ने खुद को इससे अलग रखा। उन्होंने कहा कि इस मामले में अनंत सिंह और नीरज कुमार से ही सवाल किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम से गैरमौजूदगी पर ललन सिंह की सफाई, JDU विवाद पर कही बड़ी बात