भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ हूं

खेसारी लाल यादव बोले- न्याय सिर्फ होना नहीं, दिखना भी चाहिए

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: भोजपुरी फिल्म अभिनेता खेसारी लाल यादव सोमवार दोपहर भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मृतक की मां आशा देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों को ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।


“न्याय की लड़ाई मजबूती से लड़िए, लेकिन संयम बनाए रखिए”
परिजनों से बातचीत के दौरान खेसारी लाल यादव ने कहा कि न्याय की मांग पूरी मजबूती के साथ उठाई जानी चाहिए, लेकिन आंदोलन का उद्देश्य केवल सच को सामने लाना होना चाहिए। उन्होंने कहा, “आंदोलन जारी रखिए, लेकिन अनावश्यक रूप से यहां सिर्फ भीड़ जुटाकर किसी विशेष केंद्र में बदलने की कोशिश मत कीजिए। न्याय सिर्फ होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ भी दिखना चाहिए और इसके लिए संयम जरूरी है।”
विस्थापितों की मांग पूरी करना होगी सच्ची श्रद्धांजलि
खेसारी लाल यादव ने कहा कि भरत भूषण तिवारी जिन जवइनिया विस्थापितों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे, यदि जनप्रतिनिधि उनकी मांगों को पूरा कर दें तो वही उनके प्रति सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “एक मां को उसका बेटा कोई वापस नहीं लौटा सकता, लेकिन न्याय की दिशा में हर संभव प्रयास होना चाहिए।”
निष्पक्ष जांच की मांग का किया समर्थन
गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक वहां जुट गए। खेसारी लाल यादव ने परिजनों और ग्रामीणों की बातें गंभीरता से सुनीं तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन किया।उन्होंने कहा कि किसी भी घटना में सत्य सामने आना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 17 जून को बिलौटी गांव में पुलिस कार्रवाई के दौरान भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी। परिजन इस घटना को फर्जी एनकाउंटर बता रहे हैं, जबकि पुलिस का दावा है कि भरत भूषण तिवारी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में कार्रवाई की गई। घटना के बाद से ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन और जनसमर्थन लगातार जारी है।
दौरे के बाद फिर तेज हुई चर्चा
खेसारी लाल यादव के गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि लोकप्रिय भोजपुरी कलाकार के समर्थन से न्याय की मांग को और बल मिलेगा।आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article