भूमि विवाद में दो पक्षों में खूनी झड़प, लाठी-डंडों से मारपीट में आधा दर्जन घायल; 2 बेतिया रेफर

Shreya Raj
भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद मौके पर जुटी भीड़, लाठी-डंडों से हुई झड़प में कई लोग घायल।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। शिकारपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में शनिवार को जमीन के बंटवारे और कब्जे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। घटना से जुड़ा मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दो साल से चल रहा था जमीन का विवाद

जानकारी के अनुसार, डुमरिया निवासी हीरामन साह और विक्रम साह के बीच पिछले करीब दो वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को जमीन के बंटवारे और कब्जे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और एक-दूसरे पर जमीन का अधिक हिस्सा लेने का आरोप लगाया गया।

विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए इस विवाद से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में सुमन साह, भरत साह और पुनीता देवी समेत कई लोग घायल हो गए।

नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में कराया गया इलाज

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया गया।

इधर, मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट होती दिखाई दे रही है हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला

घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ डुमरिया गांव पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कराया। दोनों पक्षों को कानून अपने हाथ में नहीं लेने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी पक्ष की ओर से आवेदन मिलने की जानकारी नहीं है। आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जमीन विवाद को लेकर गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article