पटना में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आज, हेलीकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:जगन्नाथपुरी की तर्ज पर राजधानी पटना और पटना सिटी में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। आषाढ़ शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि के अवसर पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे।


शहर के इस्कॉन मंदिर, गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी, गौड़ीय मठ समेत कई धार्मिक स्थलों से रथ यात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। भगवान के रथ को पारंपरिक कला और धार्मिक सजावट से भव्य रूप से तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे रथ यात्रा का शुभारंभ
इस्कॉन मंदिर की ओर से आयोजित रथ यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 2 बजे करेंगे। इससे पहले दोपहर 1 बजे विशेष पूजा और महाआरती का आयोजन होगा। भगवान जगन्नाथ, भाई बलदेव और बहन सुभद्रा 40 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देंगे। परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री रथ यात्रा मार्ग पर झाड़ू लगाकर यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
108 प्रकार के व्यंजनों का लगेगा भोग, हेलीकॉप्टर से होगी पुष्प वर्षा
रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ को 108 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। भगवान के स्वागत के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की भी तैयारी की गई है। यात्रा मार्ग में जगह-जगह रंगोली बनाकर भगवान का स्वागत किया जाएगा। रथ यात्रा का मार्ग तारामंडल, आयकर गोलंबर, हाई कोर्ट, बिहार संग्रहालय और डाकबंगला चौराहा होते हुए वापस इस्कॉन मंदिर पहुंचेगा। शाम को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
रथ यात्रा को लेकर ट्रैफिक में बदलाव
भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात को सुचारु रखने के लिए सुबह से यात्रा समाप्त होने तक इस्कॉन मंदिर की ओर जाने वाले कई रास्तों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। यातायात पुलिस उपाधीक्षक-1 नव वैभव ने बताया कि जीपीओ फ्लाइओवर से इस्कॉन मंदिर की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा जीपीओ के नीचे से भी इस्कॉन मंदिर की दिशा में वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। वहीं, अदालतगंज स्थित भाजपा कार्यालय के बगल वाले रास्ते से भी इस्कॉन मंदिर की ओर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है।
धार्मिक आस्था का बनेगा भव्य संगम
पटना में निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर प्रशासन और आयोजकों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article