LPG Cylinder Price: नवंबर में फिर बढ़े कमर्शियल गैस के दाम, जानें अपने शहर की नई कीमत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : LPG Cylinder Price 1 November 2026: दिवाली की खुशियों के बीच आम लोगों और कारोबारियों को महंगाई का एक और झटका लगा है। अगर आप त्योहार पर मिठाई खरीदने या होटल-रेस्टोरेंट में खाना खाने की योजना बना रहे हैं, तो आने वाले दिनों में आपका बजट बिगड़ सकता है। दरअसल, 1 नवंबर 2026 से कमर्शियल LPG सिलेंडर की नई कीमतें लागू हो गई हैं। लगातार तीसरे महीने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं।

इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और मिठाई कारोबार से जुड़े लोगों पर पड़ सकता है। कारोबारियों की लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका है। बिहार की राजधानी पटना में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,117.50 रुपये पहुंच गई है। हालांकि, घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है। फिलहाल 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं, 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर के दाम भी अलग-अलग शहरों में अलग हैं।
पटना में 5 किलो सिलेंडर 382 रुपये, 14.2 किलो वाला 1,031.50 रुपये और 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 3,117.50 रुपये का हो गया है। वहीं, नई दिल्ली में इनकी कीमत क्रमशः 349.50 रुपये, 942 रुपये और 2,820 रुपये है। मुंबई में 19 किलो वाला सिलेंडर 2,775 रुपये में मिल रहा है, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 2,971 रुपये है।

अगस्त से अब तक दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 82 रुपये, कोलकाता में 98.50 रुपये, मुंबई में 83.50 रुपये और चेन्नई में 88.50 रुपये महंगा हो चुका है।ऐसे में दिवाली के त्योहार से पहले कमर्शियल गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रहने से आम परिवारों को फिलहाल राहत मिली हुई है।

Share This Article