नालंदा जहरीली शराब कांड में मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार, सुनिता मैडम, बेटा सूरज सहित 7 लोग गिरफ्त में, 13 लोगों की हुई थी मौत

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। नालंदा जहरीली शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आखिरकार नालंदा पुलिस ने आठ दिनों बाद मुख्य अभियुक्त सुनिता मैडम को दबोच लिया। बता दें कि बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी इलाके में बीते 15 जनवरी को हुए जहरीली शराब कांड में 13 लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा के निर्देश पर SIT टीम गठित कर मुख्य अभियुक्त सुनिता मैडम उसका बेटा सूरज सहित 7 लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी सफ़लता हासिल की है। इस घटना में कुल 6 मामले दर्ज किए गए थे।

इन सभी मामलों को लेकर पुलिस लगातार जिले और उसके बाहर पटना और झारखंड में छापेमारी कर रही थी। आखिरकार पुलिस ने सफलता हासिल की। इन गिरफ्तार अभियुक्तों में सुनिता देवी उर्फ लमकी उर्फ मैडम, मीना देवी उर्फ बुढ़िया, संटू कुमार, सूरज कुमार, डिंपल कुमारी, सौरभ कुमार, संतोष चौधरी शामिल हैं।

जहरीली शराब कांड का सबसे चर्चित नाम सुनीता मैडम है। वह बार-बार पुलिस को चकमा दे फरार हो जा रही थी। लोगों की मानें तो 15 तारीख को मौतों का सिलसिला शुरू होते ही उसे फसने की आशंका हो गयी थी। उसी दिन वह किसी वकील से मिलने कोर्ट पहुंची थी, उसके बाद वह अचानक गायब हो गयी। इस दौरान एक बार पुलिस फतुहा में उसे गिरफ्तार करने के करीब पहुंची थी लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी थी।

बता दें कि न्यायालय के आदेशानुसार नालंदा जहरीली शराब कांड के फरार सात अभियुक्तों के घर पर पुलिस ने कुर्की का इश्तेहार चिपकाया था। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम उसकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी।

 

रिपोर्ट- ऋषिकेश, नालंदा

Share This Article