गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा: मुंडन संस्कार में आए एक ही परिवार के तीन लोगों की डूबकर मौत

Mundan ceremony turns into mourning: Three drown tragically while bathing in the Ganges

Rashmi Tiwari

भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा प्रखंड के झल्लूदास टोला स्थित गंगा घाट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुंडन संस्कार के लिए आए एक ही परिवार के तीन सदस्यों की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के भटगामा से एक परिवार मुंडन संस्कार के लिए गंगा घाट पहुंचा था। इसी दौरान परिवार के एक युवक और दो युवतियां स्नान करने के लिए नदी में उतरीं। अचानक पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के बाद घाट पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान तेज कर दिया। साथ ही SDRF टीम को भी बुलाया गया।
परिजनों ने गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है मोनी कुमारी (बुआ),गौरव कुमार (12 वर्ष),साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गौरव और साक्षी सगे भाई-बहन थे। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं परिजनों ने गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घाट पर बैरिकेडिंग नहीं थी,गहराई बताने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड नहीं था। सुरक्षा के लिए रस्सी या अन्य इंतजाम नहीं किए गए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

‎भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article