NEWS PR डेस्क: पटना, 19 जुलाई। राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट में आज को आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पेपर लीक, भर्ती घोटालों, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ हुंकार भरा। इस दौरान छात्र इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद पप्पू यादव ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है। शिक्षा व्यवस्था आईसीयू में है और छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं के विश्वास को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पेपर लीक मुक्त बनाने के लिए जवाबदेह व्यवस्था लागू की जाए तथा सभी प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए, ताकि छात्रों को अनिश्चितता का सामना न करना पड़े।
सांसद ने कहा कि सरकार को छात्रों के भविष्य की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और सहयोगी नेता छात्रों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे। इस दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी दोहराई।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता मिन्नत रहमानी, प्रेमचंद सिंह, राजीव मेहता, छात्र नेता मनीष यादव, पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर, रौशन शर्मा, सौम्या श्रीवास्तव और आलोक आनंद सहित कई वक्ताओं ने भी छात्रों के मुद्दों पर अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया और छात्रों के हितों की सुरक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया।
