Amazon-Swiggy-BigBasket पर बड़ा एक्शन, ऑनलाइन बिक रहा था जहरीला धतूरा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : ऑनलाइन ग्रॉसरी प्लेटफॉर्म पर जहरीला धतूरा बिकना Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket को भारी पड़ गया है। कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने तीनों प्लेटफॉर्म के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित करने का निर्देश दिया है। विभाग ने धतूरे के फल और बीजों को इंसानों के खाने के लिए लिस्ट किए जाने को गंभीर जन-स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा का मामला माना है।

मामला एक ग्राहक की शिकायत के बाद सामने आया। जांच के दौरान अधिकारियों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीज खाद्य उत्पाद के तौर पर बिक्री के लिए उपलब्ध मिले। कुछ पैकेटों पर फूड लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज थे। विभाग के मुताबिक, इन उत्पादों को गोदामों में रखा गया था और ऑनलाइन बिक्री या वितरण के लिए उपलब्ध कराया जा रहा था।
धतूरे की बिक्री पर पूरी तरह रोक
विभाग ने तीनों प्लेटफॉर्म को निर्देश दिया है कि धतूरे के फल और बीजों से जुड़ी सभी ऐसी लिस्टिंग, विज्ञापन और प्रमोशनल सामग्री तुरंत हटाई जाए, जिनमें उन्हें भोजन या मानव उपभोग के लिए पेश किया जा रहा है। भविष्य में भी इन्हें खाद्य पदार्थ के तौर पर बेचने या वितरित करने पर रोक रहेगी।
साथ ही, धतूरा सप्लाई करने वाले विक्रेताओं और प्रतिष्ठानों के लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन को भी निलंबित करने का आदेश दिया गया है। प्लेटफॉर्म को अनुपालन रिपोर्ट देने के निर्देश हैं और उसके बाद ही लाइसेंस निलंबन हटाने पर अलग से फैसला किया जाएगा
कार्रवाई स्विगी इंस्टामार्ट के जरिए भेजे गए धतूरे के फल के एक पैकेट के बारे में एक ग्राहक की शिकायत के बाद शुरू की गई थी। अधिकारियों ने पाया कि जहरीले आइटम पर गुमराह करने वाले फूड रजिस्ट्रेशन और लाइसेंसिंग नंबर थे।
Amazon, Swiggy और BigBasket ने क्या कहा?
वहीं मामले की सुनवाई के दौरान संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधि प्राधिकरण के सामने पेश हुए। आदेश के मुताबिक, Amazon ने जवाब दाखिल नहीं किया, जबकि Swiggy Instamart ने उठाए गए कदमों से जुड़े दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। BigBasket ने बताया कि उसने धतूरे की ऑनलाइन बिक्री रोक दी है और भविष्य में ऐसी लिस्टिंग होने पर उसे ‘NOT FOR HUMAN CONSUMPTION’ यानी ‘इंसानों के खाने के लिए नहीं’ के तौर पर स्पष्ट रूप से लेबल करने की बात कही। हालांकि, प्राधिकरण ने इन जवाबों को संतोषजनक नहीं माना।
इतना खतरनाक क्यों है धतूरा?
बता दें कि धतूरा एक जहरीला पौधा है। अधिकारियों के मुताबिक इसके फल और बीजों में ऐसे विषैले यौगिक पाए जाते हैं, जिनका सेवन गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है। बिना उचित शोधन के धतूरे का सेवन गंभीर विषाक्तता का कारण बन सकता है और अत्यधिक मामलों में कोमा या मौत तक हो सकती है। विभाग का कहना है कि धतूरे के फल और बीजों को खाने की चीज के तौर पर स्टोर करना, बेचना या बांटना गैर-कानूनी है।

Share This Article