आय से अधिक संपत्ति मामले में EOU की बड़ी कार्रवाई, भवन निर्माण निगम के GM कमलेश कुमार के 4 ठिकानों पर छापा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना: आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक (तकनीकी) कमलेश कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह EOU की अलग-अलग टीमों ने कमलेश कुमार से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। कार्रवाई के दौरान वैशाली के जंदाहा स्थित उनके पैतृक आवास, पटना के एसके पुरी और राजीव नगर स्थित परिसरों के साथ-साथ बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यालय में भी तलाशी ली जा रही है।

तीन करोड़ से अधिक की संपत्ति की जानकारी
प्राथमिक जांच के आधार पर कमलेश कुमार के पास उनकी ज्ञात आय से तीन करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है। इसी आधार पर EOU की टीम उनके विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

जंदाहा स्थित आवास पर भी छापेमारी
वैशाली जिले के जंदाहा में सर्वोदय मैदान के पास स्थित कमलेश कुमार के पैतृक आवास पर EOU की टीम पहुंची है। अधिकारियों द्वारा घर के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

इन चार ठिकानों पर चल रही तलाशी
कमलेश कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। EOU की टीम वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र के सर्वोदय मैदान स्थित उनके पैतृक आवास, पटना के नॉर्थ एसके पुरी स्थित मनमोहन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 302, राजीव नगर रोड नंबर 25C स्थित मेघा बिल्डिंग और बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के पटना स्थित महाप्रबंधक (तकनीकी) के कार्यालय कक्ष की जांच कर रही है। वहीं EOU की तलाशी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच टीम को किन दस्तावेजों और संपत्तियों से संबंधित जानकारी मिली है।

Share This Article