NEWS PR डेस्क: पटना, 23 जून। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष इसी दिन डॉ. मुखर्जी के नाम पर एक भव्य नए पार्क का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया जाएगा। यह घोषणा उन्होंने पटना स्थित अटल सभागार में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने पंडित चाणक्य के बाद अखंड भारत के सपने को साकार करने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित, सांस्कृतिक स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता के प्रति डॉ. मुखर्जी का समर्पण देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि जब देश में लोकतंत्र संकट में था, तब जनसंघ के कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाद में 1980 में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ।
सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को इतना मजबूत जनादेश दिया कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने का ऐतिहासिक निर्णय संभव हो सका। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल होकर नया इतिहास रच चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने भाजपा के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1984 में पार्टी के केवल दो सांसद थे, जबकि 2014 में भाजपा ने 282 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। उन्होंने इसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम बताया।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों के साथ खड़ा है और उनके राष्ट्रसेवा एवं बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद राधा मोहन सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, विधायक राकेश कुशवाहा, पूर्व विधायक हरीभूषण ठाकुर बचौल, पूर्व विधायक पवन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
