बिहार प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल: कई विभागों के सचिव बदले, कुमार रवि बने स्वास्थ्य सचिव

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 10 मई। बिहार सरकार ने रविवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला और नई पदस्थापना की अधिसूचना जारी की। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न विभागों में सचिव, प्रधान सचिव और आयुक्त स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

2005 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार रवि को मुख्यमंत्री सचिवालय से हटाकर स्वास्थ्य विभाग का सचिव बनाया गया है। उन्हें संसदीय कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

अधिसूचना के मुताबिक, 1996 बैच के आईएएस अधिकारी आनंद किशोर को वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वह वर्तमान में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

वहीं, एच.आर. श्रीनिवास (1996 बैच) को पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग से स्थानांतरित करते हुए समाज कल्याण विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। साथ ही उन्हें जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

1997 बैच के आईएएस अधिकारी संतोष कुमार मल्ल, जो जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव थे, उन्हें आपदा प्रबंधन विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। उन्हें स्थानीय आयुक्त कार्यालय, बिहार भवन, नई दिल्ली और जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार में भी रखा गया है।

लोकेश कुमार सिंह (2003 बैच), जो स्वास्थ्य विभाग के सचिव थे, उन्हें पर्यटन विभाग का सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री सचिवालय और विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

2004 बैच के अधिकारी कुंदन कुमार को बिहार भवन, नई दिल्ली के स्थानीय आयुक्त और निवेश आयुक्त, मुंबई के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वे उद्योग विभाग के सचिव, बिहार फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, बियाडा के प्रबंध निदेशक और आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण (आईडा) के प्रबंध निदेशक बने रहेंगे।

इसी बैच के अजय यादव को ऊर्जा विभाग का सचिव बनाया गया है। वे मध निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव के साथ-साथ बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक और बिहार स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।

संजय कुमार सिंह (2007 बैच) को वित्त विभाग का सचिव बनाया गया है। वे वाणिज्य-कर विभाग के सचिव और मुख्यमंत्री सचिवालय के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे।

प्रणव कुमार (2008 बैच) को भवन निर्माण विभाग का सचिव बनाया गया है। इससे पहले वे कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव थे। उन्हें बिहार राज्य भवन निर्माण निगम, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम और जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

मनोज कुमार सिंह (2009 बैच) को स्थानीय आयुक्त, बिहार भवन, नई दिल्ली बनाया गया है। साथ ही उन्हें निवेश आयुक्त, मुंबई का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

चंद्रशेखर सिंह (2010 बैच), जो मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव थे, उन्हें जल संसाधन विभाग का सचिव बनाया गया है। वे सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड और बिहार विकास मिशन के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे।

2014 बैच के आईएएस अधिकारी रजनीश कुमार सिंह को सहकारिता विभाग से स्थानांतरित कर महानिरीक्षक, कारा एवं सुधार सेवाएं बनाया गया है। उन्हें बिहार विकास मिशन में कार्यक्रम अनुश्रवण का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

बिहार सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article