अररिया में बड़ा सड़क हादसा: नदी में गिरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, 6 लोगों की दर्दनाक मौत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार के अररिया जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। तिलक समारोह में शामिल होकर खुशी-खुशी घर लौट रहे लोगों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की डूबने और चोट लगने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद मृतकों के गांव सुपौल में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, हादसा ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के मदनपुर-सिकटी मुख्य मार्ग पर बीड़ी पुल के पास बुधवार देर रात हुआ। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत थुमहा पंचायत के वार्ड संख्या-09 निवासी शिक्षक चंद्र कुमार के परिवार से जुड़े थे। सभी सिकटी प्रखंड के भपटीयाई गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे।
समारोह संपन्न होने के बाद सभी स्कॉर्पियो से सुपौल लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के पास तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो गया। चालक नियंत्रण नहीं संभाल सका और स्कॉर्पियो सड़क किनारे की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी। वाहन में पानी भरने के कारण अंदर बैठे लोग फंस गए।हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। रस्सी और जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को नदी से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान:
यश कुमार (15 वर्ष)
आदित्य आनंद (18 वर्ष)
आरियन (15 वर्ष)
कुंदन कुमार (26 वर्ष), चालक
सौरभ कुमार (16 वर्ष)
मुन्ना कुमार (14 वर्ष)
सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस और मुख्यालय डीएसपी रजनीश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। सभी छह शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।एक तिलक समारोह की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। इस हादसे ने एक बार फिर पुल के पास मौजूद तीखे मोड़ और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article