NEWS PR डेस्क: बिहार में धान खरीद को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। भोजपुर जिले में धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य घटाकर महज 93 हजार क्विंटल किए जाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरा के पूर्व सांसद आर.के. सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस फैसले के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पैक्स अध्यक्षों के साथ अहम बैठक की और बिहार सरकार से धान खरीद का लक्ष्य तत्काल बढ़ाने की मांग की है।
भोजपुर में धान खरीद का लक्ष्य घटाए जाने को लेकर किसानों के बीच चिंता बढ़ गई है। जिले में धान अधिप्राप्ति का कोटा घटाकर 93 हजार क्विंटल कर दिया गया है। इस फैसले के बाद किसानों के सामने अपनी मेहनत से तैयार की गई फसल को सरकारी दर पर बेचने का संकट खड़ा हो सकता है।
इसी मुद्दे को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह ने भोजपुर जिले के सभी पैक्स अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में धान खरीद के कम किए गए लक्ष्य और इससे किसानों पर पड़ने वाले असर को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
आर.के. सिंह ने कहा कि धान खरीद का लक्ष्य कम होने से जिले के किसानों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। किसानों ने दिन-रात मेहनत कर धान की फसल तैयार की है। ऐसे में अगर सरकारी खरीद का कोटा सीमित रहेगा, तो बड़ी संख्या में किसानों को अपनी उपज बेचने में मुश्किल हो सकती है।
उन्होंने बिहार सरकार से मांग की कि भोजपुर जिले में धान खरीद का लक्ष्य किसानों की वास्तविक उपज और जरूरत के मुताबिक तत्काल बढ़ाया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी किसान को अपनी फसल बेचने के लिए परेशान न होना पड़े।
अब देखना होगा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.के. सिंह की इस मांग पर बिहार सरकार क्या कदम उठाती है और भोजपुर के किसानों को धान खरीद के लक्ष्य में बढ़ोतरी की सौगात मिलती है या नहीं।
आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट् ;-
