भागलपुर पुलिस की बड़ी सफलता: डकैती कांड का खुलासा, पश्चिम बंगाल के तारापीठ से मुख्य आरोपी समेत 7 अपराधी गिरफ्तार

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 12 जुलाई। भागलपुर पुलिस ने मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित डकैती कांड का सफल उद्भेदन करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, नकदी, हथियार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के गणेशीबाग निवासी नीलू देवी, पति रविशंकर रजक के घर देर रात हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोलकर जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लूट लिया था। घटना के बाद पीड़िता के बयान पर मधुसूदनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक-2 के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण तथा गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की।

जांच के दौरान पुलिस ने सूरज साह, संतोष कुमार साह, मिथुन कुमार मंडल, बृजेंद्र कुमार, सज्जन कुमार, अर्जुन कुमार और अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद कुछ आरोपी पश्चिम बंगाल के तारापीठ भाग गए थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर भागलपुर लाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से 52 ग्राम सोने के आभूषण, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 53 हजार रुपये नकद तथा छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है। उनसे मिली जानकारी के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article