पति के दरवाजे पर विवाहिता का अंतिम संस्कार मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, घटना से इलाके में मचा हड़कंप

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के पताही गांव में एक विवाहिता की इलाज के दौरान मौत के बाद बवाल तब शुरू हुआ जब मृतका के परिजन ने उसका दाह संस्कार पति के दरवाजे पर ही कर दिया. घटना के बाद इलाकेँ में चर्चाओं का बाजार गर्म है. मृतका की पहचान चंदन ठाकुर की 35 वर्षीय पत्नी बीभा ठाकुर के रूप में हुई है.

जानकारी के अनुसार मौत के बाद आक्रोशित मायके वालों ने महिला के शव को उसके ससुराल पहुंचाया, इसके बाद मंगलवार की रात ग्रामीणों की मौजूदगी में पति के दरवाजे पर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. मृतका के भाई आकाश चौधरी ने ससुराल पक्ष पर खाने में जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में सदर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

मृतका के भाई आकाश चौधरी के अनुसार, वर्ष 2014 में उनकी बहन बीभा की शादी मोहम्मदपुर पताही गांव निवासी चंदन ठाकुर से हुई थी। दोनों की एक 12 वर्षीय बेटी भी है। आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। बीभा लगातार इसकी जानकारी अपने मायके वालों को देती थी। आकाश का आरोप है कि गर्भवती रहने के दौरान भी चंदन और उसके परिवार के लोग बीभा पर गर्भपात कराने का दबाव बनाते थे.

परिजनों का कहना है कि छठ पूजा की संध्या अर्घ्य से एक दिन पहले बीभा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसने इसकी जानकारी अपने मायके वालों को दी। इसके बाद मौसेरे भाई राहुल ने उसे प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती कराया। आकाश का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि बीभा का लीवर और किडनी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्हें आशंका है कि खाने के साथ कोई विषैला पदार्थ दिया गया था। हालांकि, जहर दिए जाने की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इलाज के दौरान बीभा की मौत हो गई।

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

मुजफ्फरपुर से रुपेश कुमार की रिपोर्ट ;

Share This Article