भागलपुर में मिड डे मील से बिगड़ी बच्चों की तबीयत, 15 छात्र अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 01 अप्रैल। बिहार के भागलपुर से मिड डे मील को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। शाहजंगी गंगोटा मैदान स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में खाना खाने के बाद करीब 15 बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि स्कूल में बच्चों को मिड डे मील में छोले-चावल परोसा गया था। बच्चों के मुताबिक, खाने का स्वाद असामान्य रूप से खट्टा था, लेकिन भूख के कारण उन्होंने खाना खा लिया। भोजन के कुछ ही देर बाद बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने जैसी शिकायतें शुरू हो गईं, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।

स्थिति गंभीर होते देख तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सभी बच्चों को सदर अस्पताल भागलपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन पर लगातार नजर रखी जा रही है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

घटना की सूचना मिलते ही हबीबपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हालांकि, इस दौरान स्कूल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही भी सामने आई। इलाज के दौरान न तो कोई शिक्षक और न ही प्रधानाचार्य अस्पताल में मौजूद थे, जिससे अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी गई।

एक अभिभावक ने बताया कि सूचना मिलने पर वे तुरंत अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां स्कूल का कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं था। इससे गुस्साए परिजनों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इसी प्रकार का भोजन अन्य स्कूलों में भी भेजा गया था, लेकिन वहां से किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई है। खास बात यह है कि आज से ही एक एनजीओ के माध्यम से मिड डे मील वितरण की नई व्यवस्था शुरू की गई थी, जिस पर अब सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। यह घटना एक बार फिर स्कूलों में बच्चों के भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article